मूसलाधार बारिश से आधा दर्जन संपर्क सड़कें बंद
संगड़ाह में जगह-जगह गिरा मलबा, कई जगह धंसे डंगे
पूर्व सीपीएस विनय कुमार भी रास्ते में फंसे
अमर उजाला ब्यूरो
संगड़ाह (सिरमौर)। मूसलाधार बारिश से सिरमौर में जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। संगड़ाह उपमंडल के तहत आधा दर्जन से अधिक संपर्क मार्ग बारिश की वजह से बंद हो गए हैं। इस वजह से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, लोनिवि ने इन मार्गों को खोलने में पूरी ताकत झोंक दी है। तीन मार्ग बहाल भी कर दिए गए हैं, जबकि तीन मार्ग शनिवार शाम तक ही बहाल हो सकेंगे। श्री रेणुका जी क्षेत्र में बीती रात को जमकर बारिश हुई। इस वजह से कई संपर्क मार्गों पर जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। कहीं पर डंगे धंस गए हैं तो कहीं पहाड़ियों से गिरकर मलबा सड़क पर आ गया है। वीरवार आधी रात से कई संपर्क मार्ग बंद पड़े हुए हैं। भारी बरसात के कारण बंद मार्गों में ददाहू संगड़ाह मार्ग के अलावा पालर पिड़ियाधार, सुंदरघाट अरट, खालाक्यार कोटी धीमान, खालाक्यार बांदल सुराग, ददाहू चांदनी, दनोई द्राबिल और मगवा सिंयू मार्ग जगह-जगह पर मलबा आने के कारण अवरुद्ध हो गए हैं। हालांकि, कुछेक मार्गों को बहाल कर दिया गया है लेकिन कई मार्ग अभी भी अवरुद्ध हैं। लानापालर पिड़ियाधार मार्ग को खोलने में विभाग ने तब सतर्कता दिखाई, जब रेणुका के विधायक एवं पूर्व सीपीएस विनय कुमार भी इस मार्ग से गुजर रहे थे। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण उन्हें भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इस संदर्भ में लोनिवि के सहायक अभियंता हरिचंद चौहान ने बताया कि दोपहर तक अधिकतर मार्ग आवागमन के लिए खोल दिए गए थे। जबकि, बांदल सुराग, कोटी धीमान और मंगवा सिंयू मार्ग शनिवार शाम तक बहाल कर दिए जाएंगे। इन संपर्क मार्गों पर जगह-जगह मलबा गिरा हुआ है।