अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
ददाहू में बस स्टैंड के निर्माण के लिए जल्द जमीन का चयन किया जाए ताकि लोगों की सुविधा के लिए ददाहू में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड का निर्माण किया जा सके। ग्राम पंचायत ददाहू में चल रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त सिरमौर ने इस मसले पर तहसीलदार ददाहू व क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी को निर्देश दिए।
उन्होंने ददाहू बाजार में बढ़ते अतिक्रमण को हटाने के लिए तहसीलदार ददाहू, एसडीओ लोक निर्माण विभाग व पुलिस विभाग के यातायात प्रभारी को निर्देश देते हुए कहा कि ददाहू बाजार में सड़क के दोनों ओर पीली पट्टी लगाई जाए। इस पट्टी से बाहर सामान लगाने वाले दुकानदारों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लाएं।
उन्होंने मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेणुका विकास बोर्ड को निर्देश देते हुए कहा कि परशुराम ताल से निकलने वाले अतिरिक्त पानी को रोका जाए ताकि गर्मियों में परशुराम ताल का पानी कम न हो। साथ ही ताल की सुंदरता भी कायम रहे। उपायुक्त ने ददाहू कस्बे की सफाई के लिए जिला पंचायत अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि ठोस कचरा प्रबंधन के लिए भूमि हस्तांतरण का मामला जल्द तैयार किया जाए।
उन्होंने ददाहू गोशाला परिसर में सामुदायिक शौचालय बनाने के भी निर्देश दिए। पंचायत की आय बढ़ाने के लिए उपायुक्त ने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि पार्किंग के पास पंचायत की जमीन पर दुकानें बनाने के लिए भूमि हस्तांतरण व कार्य योजना शीघ्र तैयार की जाए।
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी डीआरडीए रतीराम, खंड विकास अधिकारी अनूप शर्मा, जिला योजना अधिकारी अनुज कुमार, जिला खनन अधिकारी सुरेश भारद्वाज सहित ग्राम पंचायत ददाहू के विभिन्न वार्डों के वार्ड सदस्य भी उपस्थित रहे।