अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। धारटीधार क्षेत्र के वीर सपूत शहीद रोतम लाल की पुण्यतिथि पर धारटीधार क्षेत्र के पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। शहीद रोतम लाल पुण्यतिथि को शहीदी दिवस के रूप में मनाया गया जिसमें सैकड़ों लोगों ने शहीद रोतम लाल को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह के मुख्यातिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शहीद रोतम लाल की शहादत को क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति करार देते हुए कहा कि 70 हजार सैनिक व वीर सपूत सीमाओं पर शहीद हो चुके हैं। शहीदों के त्याग, तपस्या व बलिदान से भारत देश का इतिहास भरा पड़ा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने सीमाओं पर मारे गए शहीदों के पार्थिव शरीरों को सम्मानपूर्वक उनके घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था करके अनुकरणीय कदम उठाया।
इस मौके पर उच्च पाठशाला कांसर, आरवीएन पब्लिक स्कूल ददाहू, एकल विद्यालय की छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करके शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। छात्र शिवांग ठाकुर ने एक सैनिक के वेश में शहीदों की शहादत व कुर्बानियों को याद किया।
इससे पूर्व शहीद रोतम लाल के पिता किशन दत्त शर्मा, माता कमलेश देवी व पत्नी पूनम देवी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नवयुवक मंडल कांसर व शहीद रोतम लाल मेमोरियल, स्पोर्ट्स एवं कल्चरल क्लब की ओर से किया गया था।
समारोह की अध्यक्षता धारटीधार क्षेत्र से संबंध रखने वाले प्रसिद्ध व्यवसायी एलडी शर्मा ने की। उन्होंने अपने ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये की राशि क्लब को भेंट की। जबकि डॉ. राजीव बिंदल ने 11 हजार रुपये क्लब को भेंट किए। इस मौके पर कांडो कांसर पंचायत की प्रधान रीता देवी, भाजपा के जिला महासचिव रामेश्वर शर्मा, बिरला पंचायत के प्रधान सुनील शर्मा, रेणुका भाजपा मंडल के महासचिव राजेंद्र ठाकुर, रमेश अत्री, क्लब के प्रधान कुश कुमार, संदीप व विजेंद्र सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, पूर्व सैनिक व ग्रामीण उपस्थित रहे।