अमर उजाला ब्यूरो
शिलाई (सिरमौर)। पांवटा साहिब-शिलाई राष्ट्रीय उच्च मार्ग 707 पर टिंबी के समीप सियारी नामक स्थान पर सोमवार रात टाटा-407 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। करीब 400 मीटर नीचे लुढ़कते हुए वाहन नेड़ा खड्ड में जा पहुंचा। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। पांवटा साहिब में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दुर्घटना की वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोमवार रात करीब 10:30 बजे टाटा-407 वाहन (एचपी 62-2710) शिलाई के तहत टिंबी के समीप सियारी नामक स्थान पर लुढ़ककर नेड़ा खड्ड के तट पर पहुंच गया। वाहन में तीन लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि वाहन में रेत भरकर युवा शिलाई की ओर जा रहे थे। हादसे में वाहन में सवार तीन लोगों में से 28 वर्षीय प्रदीप निवासी भटनोल की मौके पर ही मौत हो गई। चालक नरेश (27) निवासी दुगाना कांडो तथा भटनोल निवासी मनीराम (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को गहरी खाई से बाहर निकाल कर उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से पांवटा साहिब पहुंचाया गया लेकिन, हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पीजीआई रेफर किया गया है। जबकि, मृतक के शव का सीएचसी शिलाई में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रशासन की ओर से तहसीलदार शिलाई मस्त राम कश्यप ने मृतक के परिवार को 25 हजार रुपये, जबकि घायलों को 10-10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की हैं। थाना प्रभारी शिलाई अशोक नेगी ने बताया कि पुलिस ने भादंसं की धारा 279, 307 और 304 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।