ददाहू (सिरमौर)। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने प्रदेश सरकार से बस किराया बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की है। इसको लेकर तहसीलदार ददाहू के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। शुक्रवार को ददाहू में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति की राज्य अध्यक्ष संतोष कपूर ने कहा कि सरकार ने बस किराये में एक साथ 21-24 फीसदी की बढ़ोतरी कर प्रदेश की जनता पर आर्थिक बोझ लाद दिया है। इससे प्रदेश की जनता सरकार की लूट का शिकार हो रही है। निजी बस संचालकों को इसका लाभ पहुंचाया जा रहा है। जबकि, हिमाचल में किराया पहले ही अन्य राज्यों की तुलना में कई गुना अधिक है। समिति ने कहा कि यदि शीघ्र बस किराया वृद्धि को वापस नहीं लिया गया तो जन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। समिति के सदस्यों ने सिविल अस्पताल ददाहू में अल्ट्रासाउंड की सुविधा देने समेत स्त्री और बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती करने की मांग भी उठाई। बैठक में कुब्जा देवी, रेणु ठाकुर, लक्ष्मी देवी, परीक्षा देवी, सरोजबाला, प्रोमिला, शीतल, रानी और रक्षा उपस्थित रहीं।