सतौन में ठियोग के विधायक राकेश सिंघा का पुतला फूंकते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
सतौन (सिरमौर)। उपमंडल शिलाई के बकरास में बसपा नेता की कथित हत्या के मामले में सवर्ण समुदाय से जुड़े लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। सवर्ण समुदाय के लोगों ने बुधवार को सतौन में प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने ठियोग के विधायक राकेश सिंघा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बस स्टैंड पर पुतला भी फूंका। समुदाय से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि राकेश सिंघा न केवल इस मामले को बेवजह तूल दे रहे हैं बल्कि अनाप-शनाप बयानबाजी भी कर रहे हैं। इस अवसर पर सतौन पंचायत प्रधान रजनीश चौहान, कुलदीप शर्मा, भजौन पंचायत से पूर्ण ठाकुर, कांटी मशवा के इंद्र सिंह राणा, कमरऊ से कुलदीप शर्मा, पोका पंचायत से इंद्र सिंह और नरेश चौहान ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हाल में बकरास में हुए हत्याकांड की सरकार निष्पक्ष जांच करे। उन्होंने कहा कि अगर कोई सवर्ण जाति के साथ इस प्रकार की कोई घटना घटती है तो सरकारी तंत्र कहां चला जाता है? कुछ साल पहले कोटगा की एक लड़की से दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई थी, लेकिन सरकार ने मुआवजे के तौर पर कुछ नहीं दिया। नेत्र-बबली की हत्या के समय प्रशासन और सरकार की ओर से कोई मुआवजा परिवार को नहीं मिला। मिली तो सिर्फ फौरी राहत के तौर पर मामूली धनराशि। ग्रामीणों ने सरकार को चेताते हुए कहा कि सरकार सभी जातियों से एक जैसा व्यवहार करे। ग्रामीणों ने बकरास हादसे पर प्रशासन से गुहार लगाई है कि धारा 302 को हटाया जाए। जांच करके ही यह धारा लगाई जाए। इस अवसर पर सवर्ण जाति के ग्रामीणों ने भविष्य में भी एकजुट होने की शपथ ली। सतौन में पोका, कमरऊ, बड़वास, कांटी मशवा, कठवार, कोड़गा, सखोली, चांदनी, सतौन और भजौन पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। इससे पूर्व सतौन के विश्राम गृह में सवर्ण जाति के लोग एकत्रित हुए और बकरास हत्याकांड मामले पर चर्चा की। इस अवसर पर अरविंद चौहान, अनिल, धनवीर सिंह, कुलदीप ठाकुर, चतर कपूर, नरेश चौहान, मामराज कपूर, खजान सिंह, सतीश चौहान, सतीश शर्मा, जगत तोमर, पंचराम, विजय गुप्ता, रोहित और शशि कपूर आदि उपस्थित रहे।