पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब के भुपपुर में एक युवक ने फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। परिजनों और पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस थाना में दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। वीरवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि 24 वर्षीय युवक नशे की लत में फंस गया था। पुलिस को मौके से सूसाइड नोट आदि नहीं मिला है। पिछले दो माह के भीतर पांवटा क्षेत्र में नशे की लत में फंसे युवक की यह तीसरी मौत है।
पांवटा के भुपपुर निवासी एक युवक ने बुधवार को फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली है। युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। इसके बाद परिजनों और पड़ोसियों ने पुलिस थाना में सूचित कर दिया। जांच अधिकारी जीत राम की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया गया है। पड़ोसियों ने जांच टीम को बताया कि युवक की मां का देहांत हो चुका है। पिता बीमार और मानसिक रूप से परेशान रहते हैं। युवक को पिछले कुछ समय से नशे की काफी आदत हो चुकी थी। इसके चलते युवक आर्थिक रूप से भी परेशान रहता था। पुलिस टीम आत्महत्या के कारण का पता लगाने में जुट गई है। पांवटा क्षेत्र में पिछले दो माह से नशे के आदि हो चुके तीसरे युवा की मौत है। विगत माह गिरिपार के पुरुवाला में पांवटा का युवक संदिग्ध अवस्था में मृत मिला था। उसके बाद चार अगस्त को पांवटा के बद्रीपुर में परिवार सहित रहने वाले उत्तराखंड निवासी युवक ने फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली थी। युवक नशे का आदि हो चुका था। सुसाइड नोट में लिखा था कि जिंदगी से परेशान होकर ऐसा कदम उठा रहे हैं। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि भुपपुर निवासी युवक ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक काफी नशा करने लगा था।