पुरानी पेंशन योजना तुरंत बहाल करे प्रदेश सरकार
सहायक अध्यापकों के नियमितीकरण की भी उठी मांग
पीटीएफ कफोटा संघ ने मुख्यमंत्री जयराम को भेजा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की कफोटा इकाई ने प्रदेश सरकार से पुरानी पेंशन योजना को अविलंब बहाल करने की मांग की है। अपनी मांगों को लेकर संघ का एक प्रतिनिधिमंडल वीरवार को खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कफोटा से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी मंगी राम चौहान को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में शामिल संघ प्रधान माया राम शर्मा, महासचिव चतर सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष रमेश चंद शर्मा, बलबीर सिंह धीमान, रतन सिंह आदि ने प्राथमिक पाठशालाओं में वर्ष 2003 से सहायक अध्यापक के रूप में कार्यरत सभी अध्यापकों को नियमित करने की मांग की। इसके अलावा 4-9-14 की वेतन विसंगतियों को भी दूर करने की बात कही। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से पुरानी पेंशन योजना को भी अविलंब बहाल करने की मांग की। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि नई पेंशन योजना में कर्मचारियों का हित नहीं है। नए कर्मचारी भी मई 2003 से पहले लगे कर्मचारियों के जितना ही कार्य कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें पुरानी पेंशन योजना के लाभ से वंचित रखना न्याय संगत नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पुरानी पेंशन योजना को अविलंब लागू करें। प्रदेश भर के सभी कर्मचारी उनके आभारी रहेंगे।