अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण प्रणाली की बैठक उपायुक्त सिरमौर ललित जैन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस मौके पर सुकेती और नाया में नई उचित मूल्य की दुकानें खोलने की स्वीकृत प्रदान की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त सिरमौर ने कहा कि जिला सिरमौर में उपभोक्ताओं को 338 उचित मूल्यों की दुकानों के माध्यम से आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। जिला में 122906 राशन कार्ड धारक हैं, जिसमें से 87 प्रतिशत राशन कार्ड धारकों को डिजिटल राशन कार्ड वितरित किए जा चुके हैं।
कुछ राशन कार्डों में पाई गई खामियों के संशोधन का कार्य ब्लॉक स्तर पर निरीक्षकों द्वारा किया जा रहा है। शीघ्र ही यह कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। उचित मूल्य की दुकानों में पॉज मशीनें स्थापित की जा चुकी हैं जिनके माध्यम से उपभोक्ताओं को राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस साल मार्च से मई के दौरान जिला की उचित मूल्यों की दुकानों के 470 निरीक्षण किए गए। 85 डिपो होल्डरों को चेतावनी दी गई है। जबकि, अनियमितताएं पाए जाने पर 7 हजार रुपये प्रतिभूति राशि जब्त की गई है। इस दौरान 171 पॉलिथीन निरीक्षण किए गए, इससे 6 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
उपायुक्त ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में समय-समय पर दुकानों, फल व सब्जी विक्रेताओं का औचक निरीक्षण करें। प्रत्येक दुकान पर मूल्य सूची प्रदर्शित करना अनिवार्य की जाए।
इस मौके पर जिला नियंत्रक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग मिलाप चंद शांडिल ने जिला में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उपभोक्ताओं को प्रदान की जा रही आवश्यक वस्तुओं के बारे विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला परिषद सिरमौर दलीप सिंह चौहान, क्षेत्रीय प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम संजीव दत्ता व विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।