अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। जिला की पुरातन संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के दृष्टिगत पारंपरिक गीता, त्योहारों, ऐतिहासिक धरोहरों का संकलन करके इनकी वीडियोग्राफी करके प्रलेखन किया जाएगा ताकि इसे पर्यटन से जोड़ा जा सके। यह बात उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने आज पुरानी राहों में, नामक अभिनव योजना की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जिला में मनाए जाने वाले सभी मेले व त्योहारों का मासिक वार कैलेंडर तैयार किया जाएगा जिसे सिरमौर की वेबसाइट पर डाला जाएगा। उन्होंने जिला भाषा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिला की संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों, पुराने गीत तथा जिला के प्राचीन मंदिर और धरोहरों के इतिहास का संकलन करके इनकी वीडियोग्राफी करने के लिए स्थलों का चयन किया जाए।
इसके अतिरिक्त जिला की ऐतिहासिक धरोहरों व प्राचीन मंदिरों के इतिहास को संबंधित मंदिरों में बोर्ड पर लगाया जाए ताकि युवा पीढ़ी और बाहर से आने वाले पर्यटकों को जानकारी मिल सके।
इससे पूर्व जिला भाषा अधिकारी अनिल हारटा ने बैठक में आए सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्यों का स्वागत किया। इस मौके पर सहायक आयुक्त एसएस राठौर, एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा, एसडीएम संगड़ाह राजेश धीमान, गैर सरकारी सदस्य मेला राम शर्मा, विद्या नंद सरैक, दीनदयाल वर्मा, अमर सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।
-----------