बिजली के अघोषित कटों ने सिरमौर को किया बेहाल
सराहां में 50 गांवों की बिजली लाइन में रोज लग रहे कट
लोगों का प्रश्न एक ही लाइन में कैसे आ रहा रोज फाल्ट
कब बिजली आएगी, कब जाएगी, कुछ पता नहीं, लोग परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)। जिला सिरमौर में दिन में कई-कई बार लग रहे बिजली के अघोषित कटों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में तो यही नहीं मालूम होता कि बिजली आएगी कब और जाएगी कब। कौन से क्षेत्र में कितने घंटे का कट लग जाए कुछ पता नहीं।
दूसरे राज्यों को बिजली बेचकर मोटी कमाई करने वाला प्रदेश विद्युत बोर्ड तपती गर्मी में लोगों को बेहाल कर रहा है। लोग आए दिन के कटों से दुखी हो चुके हैं लेकिन विद्युत बोर्ड की कार्यप्रणाली सुधरने का नाम तक नहीं ले रही है।
गौरतलब है पच्छाद मुख्यालय सराहां के बाईपास से लेकर नैनाटिक्कर में पिछले कई दिनों से बिजली की आंख मिचौली जारी है। इस क्षेत्र के करीब 50 गांव अघोषित कटों से जूझ रहे हैं। यहां कब बिजली आएगी और कब चली जाएगी कुछ पता नहीं। यहां बिना किसी सूचना के सुबह, दोपहर, शाम, रात को कट लगाए जा रहे हैं जिससे लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
टिक्कर के रतन सिंह, सतेंद्र पुंडीर, संजय पाल, घरयार के रजनीश शर्मा, बाग पशोग के राकेश शर्मा, पानवा के डिंपल, नैनाटिक्कर के राम रतन अत्री ने बताया कि विद्युत बोर्ड बिना किसी जानकारी के प्रतिदिन अघोषित कट लगा रहा है जिससे लोगों की दिनचर्या के कार्यों में परेशानी हो रही है। विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों को शिकायत करो तो वह रटा रटाया जवाब कि लाइन में फाल्ट है ठीक किया जा रहा है, दे देते हैं।
लोगों का कहना है कि एक ही लाइन में रोज कैसे फाल्ट आ जाता है। आखिर कैसे एक ही लाइन में कई घंटों तक रोज बिजली बंद रहती है। लोगों ने कहा कि इससे उनके रोजगार पर भी असर पड़ रहा है।
उधर, सराहां विद्युत बोर्ड के एसडीओ राजेंद्र कुमार ने कहा कि लाइन में फाल्ट आने पर कुछ समय का कट लिया जाता है। फाल्ट ठीक होने पर बिजली पुन: बहाल कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों से इस लाइन में तकनीकी खराबी आ रही है जिसे कर्मचारी दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं।
------------देवराज