अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिला की सीमा पर आदीबद्री में सरस्वती नदी पर सोंब डेम के निर्माण को लेकर एक बैठक नाहन में आयोजित हुई जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने की। इस दौरान सरस्वती हेरिटेज सर्कल हरियाणा के अधिकारी भी मौजूद रहे।
बता दें कि आदीबद्री डेम का निर्माण हरियाणा और हिमाचल सरकार संयुक्त रुप से कर रही है। इस बारे में जल्द ही एमओयू साइन होने की भी उम्मीद है। उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने कहा कि आदीबद्री में निर्मित होने वाले सोंब डेम में सिरमौर जिला के मातर भेड़ों का कुछ हिस्सा आ रहा है।
इस मौके पर डेम बनने के बाद जिला की सीमा से सटे मातर भेड़ों पंचायत में सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने पर भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि यहां डेम बनने से क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर सरस्वती हेरिटेज सर्कल कुरुक्षेत्र के अधीक्षण अभियंता अरविंद कौशिक, हरियाणा बिलासपुर के एसडीएम नवीन आहुजा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नारायणगढ़ संदीप गोयल, हंसराज शर्मा अधिशासी अभियंता सरस्वती हेरिटेज जगाधरी के अतिरिक्त एसडीएम नाहन विवेक शर्मा, एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा, जिला राजस्व अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।