अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
जिला सिरमौर पेंशनर और वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ की नाहन इकाई ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित पड़े मेडिकल बिलों के भुगतान की मांग की है। अपनी समस्याओं व मांगों को लेकर इकाई की एक बैठक नाहन के हिंदु आश्रम में हुई जिसकी अध्यक्षता प्रधान रामस्वरूप चौहान ने की। बैठक में सभी सदस्यों ने सर्वप्रथम प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कर्मचारियों एवं पेंशनरों को 8 प्रतिशत अंतरिम राहत देने पर आभार प्रकट किया गया।
इसके बाद उन्होंने अपनी पुरानी मांगों को दोहराते हुए सरकार से पेंशन विसंगतियों को उच्च न्यायालय के दिशा निर्देशानुसार 1 जनवरी 2006 से दूर करने की मांग की। प्रधान रामस्वरूप चौहान ने कहा कि यह मांग कई बार की जा चुकी है लेकिन इसके बाद भी कोई भी सरकार उच्च न्यायालय के आदेशों को पूरा नहीं कर रही है जो कि हैरत की बात है।
बैठक में कई प्रस्ताव भी पारित किए गए जिसमें प्रदेश सरकार से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित पड़े मेडिकल भत्ते के बिलों का शीघ्र भुगतान करने की मांग की गई। बैठक में मौजूद सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जिला के सभी विधायकों से आग्रह किया कि मेडिकल बिलों के भुगतान करने के लिए वह सभी आगे आएं तथा इसे विधानसभा में उठा कर इसके लिए वित्त विभाग से राशि जारी करवाएं।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सरकार से डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में डायलेसिस की मशीन उपलब्ध करवाने की मांग की ताकि इसके रोगियों को मेडिकल कॉलेज में ही लाभ प्राप्त हो। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद से अधिक से अधिक स्थानों पर पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध करवाने की मांग की।
बैठक में सतेंद्र सिंह, रविदत्त शर्मा, अशोक विक्रम, एमपी सरीन सहित दर्जनों सेवानिवृत्त कर्मचारी उपस्थित रहे।