श्री गुरु गोबिंद सिंह राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब ने आरबीआई पॉलिसी चैलेंज 2018 रीजनल राउंड जीत लिया है। अब पांवटा कॉलेज की विजेता टीम जोनल राउंड में हिस्सा लेगी। पांवटा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केवी सिंह और अधीक्षक नरेश बत्रा ने बताया कि आरबीआई रीजनल कार्यालय शिमला ने राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब के छात्रों को रिजर्व बैंक पॉलिसी चैलेंज 2018 के रीजनल राउंड में विजेता घोषित किया है।
भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने निबंध लेखन, समस्या सुलझाना और प्रस्तुति कौशल के परीक्षण को बढ़ावा देने संबंधी विषयों में हिस्सा लिया। रीजनल राउंड में क्या भारत में वित्तपोषण हासिल करने में फिनटेक क्रांतिकारी हो सकता है?’ विषय पर लिखे गए निबंध में गुरप्रीत सिंह, हिना ढिंगरा, पारस चौहान और प्रीति के फैकल्टी सलाहकार नलिन रमौल के निर्देशित निबंध को सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टि के रूप में चुना गया।
यह टीम 2 फरवरी को नई दिल्ली में होने वाली आरबीआई पॉलिसी चैलेंज 2018 के जोनल राउंड में भाग लेगी। प्राचार्य डॉ. सिंह ने कहा कि जोनल राउंड में प्रत्येक प्रतिभागी टीम को विशेषज्ञों के पैनल के समक्ष भारतीय रिजर्व बैंक की संचालित नवीनतम घरेलू मुद्रास्फीति उम्मीद सर्वेक्षण के निष्कर्षों का आकलन कर उचित मौद्रिक नीति के सुझाव विषय पर 15 मिनट की प्रस्तुति देनी होगी। उन्होंने टीम को बधाई दी।