अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। बुधवार को कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू पांवटा में गरजेंगे। वह अब तक देश भर में चुनावी रैलियों के दौरान देश के पीएम समेत भाजपा को जमकर घेरते रहे हैं। पंजाब के मंत्री मंगलवार को पांवटा रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान लोकसभा चुनाव में स्थानीय पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरेंगे। बिखरे पड़े स्थानीय कांग्रेसी परिवार को एकजुट करने के लिए इस जनसभा पर नजरें टिकी हुई हैं।
पांवटा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग और ब्लॉक इकाई अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने बताया कि स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू बुधवार को सुबह 11 बजे पांवटा पहुंचेंगे। पांवटा में स्टार प्रचारक का जोरदार स्वागत होगा। रामलीला मैदान में रैली होगी। इसके बाद वह देश-विदेश में प्रसिद्ध ऐतिहासिक गुरुद्वारा पांवटा साहिब में माथा टेकेंगे।