नाहन/ददाहू/कालाअंब (सिरमौर)। जिले के मंदिर शनिवार को मां के जयकारों से गूंज उठे। अष्टमी और रामनवमीं पर मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।
त्रिलोकपुर स्थित महामाया बालासुंदरी, हरिपुरधार के भंगायनी मंदिर, श्री रेणुका जी और कालीस्थान मंदिर में लाखों लोगों ने मां के दर्शन किए। इस अवसर पर लोगों ने कन्या पूजन भी किया।
बालासुंदरी मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। यहां प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश व दिल्ली आदि राज्यों से हजारों लोग माता के दर्शनों के लिए पहुंचे। मंदिर प्रांगण से लेकर ध्यानु भक्त मंदिर तक लंबी कतार दिनभर लगी रही। त्रिलोकपुर बाजार भी माता के जयकारों से गुंजायमान रहा।
उधर, हरिपुरधार के प्रसिद्ध भंगायनी माता मंदिर में भी पांच हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। द्राबिल के महासु देवता मंदिर, बढोल के बिजाई माता मंदिर, पंजाह के कुचियाट माता मंदिर, नैनीधार के शिव मंदिर, गेलियों व देवना के शिरगुल मंदिर, कुदवावण के बिजट महाराज मंदिर समेत क्षेत्र के सभी मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा।
उधर, ददाहू, रेणुका जी तीर्थ में भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। माता को हलवा, पूरी, चने, नारियल व नवेद्य का भोग लगाया गया। रेणुका मार्ग पर स्थित बाबा बड़ोलिया मंदिर में हवन यज्ञ के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त धारटीधार क्षेत्र के बिरला व मधाराघाट में स्थित माता ला देवी के मंदिर, रेणुका जी तीर्थ के माता रेणुका मंदिर, गायत्री मंदिर व काली मंदिर, सैनधार क्षेत्र के शीतला माता मंदिर, ददाहू के अपर बाजार, बिजली व फारेस्ट कॉलोनी में स्थित दुर्गा माता मंदिर में श्रद्धालुओं की रौनक रही।