नाहन (सिरमौर)। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा हासिल करने में निजी स्कूलों का मुकाबला कर सकें, इसके लिए सरकारी स्कूलों ने भी प्रयास करने शुरू किए हैं। इसी कड़ी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जमटा के स्कूल प्रबंधन ने छठी कक्षा से गणित और विज्ञान की पढ़ाई अंग्रेजी माध्यम से करवाने का निर्णय लिया है। स्कूल प्रबंधन के इस फैसले की अभिभावकों ने भी सराहना की है।
स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक स्कूल में हुई। इस दौरान सत्र 2019-20 से स्कूल में छठी कक्षा से गणित व विज्ञान की पढ़ाई अंग्रेजी माध्यम से करवाने पर चर्चा की गई। जिस पर सभी लोगों ने अपनी सहमति प्रदान की। प्रधानाचार्य रतन सिंह ठाकुर ने इस कार्य को सिरे चढ़ाने के लिए गणित अध्यापक मनीष कुमार व विज्ञान अध्यापिका दीपा भाटिया को अपनी शुभकामनाएं दीं। जबकि स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष उपदेश ठाकुर, विशेष सलाहकार मोहन ठाकुर, भूतपूर्व प्रधान सत्या राम, प्रेमपाल ठाकुर ने इस फैसले का स्वागत किया।
प्रधानाचार्य रतन सिंह ठाकुर ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने वाले सभी विद्यार्थियों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो। स्कूल के बच्चे भी निजी स्कूलों की तर्ज पर अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कर पाएं। उन्होंने बताया कि सत्र 2019-20 से छठी कक्षा से गणित व विज्ञान विषय की पढ़ाई अंग्रेजी माध्यम से करवाने का निर्णय लिया गया है।