डीएवी स्कूल पांवटा में जन्माष्टमी मनाने के उपरांत बच्चे सामूहिक चित्र में।
- फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
नाहन/पांवटा साहिब (सिरमौर)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर सिरमौर के नौनिहाल कान्हा की भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। शनिवार को जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य पर जगह-जगह कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विभिन्न स्कूलों में फैंसी ड्रेस स्पर्धा के साथ ही अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इसमें कान्हा और गोपियों के भेष में आए विद्यार्थियों ने सबका मन मोह लिया। सिरमौर डीएवी स्कूल पांवटा में जन्माष्टमी पर बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. वीके लवानिया ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हमारे त्योहार, मेले और पर्व प्राचीन धरोहर हैं, जिनको संजोय रखना होगा। जन्माष्टमी पर्व मनाए जाने के बारे में बच्चों को विस्तृत जानकारी दी गई। अपने संदेश में स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. वीके लवानिया ने अभिभावकों, स्टॉफ सदस्यों और पांवटा क्षेत्र वासियों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। स्कूली बच्चों के कार्यक्रम में कक्षा प्रथम एवं द्वितीय के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण की सुसज्जित वेशभूषा में मनमोहक प्रस्तुतियां पेश कीं। इस अवसर पर डीएवी स्कूल की शिक्षिकाओं में पूनम चौधरी, सीता वोरा, मनीषा ठाकुर, सुनीता समेत जूनियर विंग के विद्यार्थी व स्कूल स्टॉफ के अन्य सदस्य मौजूद रहे। उधर, सिरमौर हिल्स पब्लिक स्कूल नाहन, आस्था स्पेशल स्कूल नाहन और लिटल लोटस स्कूल नाहन में भी जन्माष्टमी पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्कूली विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।