तकनीकी सहायक पर तीन माह बाद भी चार्ज न देने का आरोप
रेड़ली पंचायत की प्रधान ने अतिरिक्त उपायुक्त से की शिकायत
बीडीओ संगड़ाह को कारण बताओ नोटिस, एडीसी ने मांगी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। उपमंडल संगड़ाह की रेड़ली पंचायत की प्रधान ने स्थानांतरित हो चुकी तकनीकी सहायक पर तीन माह बाद भी चार्ज न सौंपने के आरोप लगाए हैं। महिला प्रधान बीना देवी ने आरोप लगाया कि अभी तक नए तकनीकी सहायक को यहां से दूसरी पंचायत में स्थानांतरित हो चुकी महिला ने चार्ज नहीं दिया है। ऐसे में पंचायत कार्यों में भी खलल पड़ रहा है। पंचायत के सभी विकास कार्यों की गति रुक गई है। इसको लेकर महिला प्रधान बीना देवी अतिरिक्त उपायुक्त आदित्य नेगी से भी मिलीं और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की गुहार लगाई। उधर, एडीसी ने इस मामले पर बीडीओ संगड़ाह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
ग्राम पंचायत रेड़ली की प्रधान बीना देवी ने एडीसी को सौंपी शिकायत में कहा कि तकनीकी सहायक अक्तूबर 2017 से जनवरी 2018 तक पंचायत से अनुपस्थित रही हैं। इसके बावजूद तकनीकी सहायक को वेतन जारी किया गया। प्रधान ने कहा कि पंचायत निरीक्षक ने भी तकनीकी सहायक के कार्यकाल के दौरान किए कार्यों की जांच की है। जांच रिपोर्ट में ड्यूटी में कोताही बरतने के साथ साथ अनुपस्थित रहने का दोषी भी पाया गया है। इसके बारे में बीडीओ संगड़ाह को भी रिपोर्ट भेजी गई है लेकिन इस मसले पर भी कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। जहां तक नए तकनीकी सहायक को चार्ज न देने की बात है तो बीडीओ ने इस मामले में सिर्फ पत्र ही जारी किए। जबकि, इस संबंध में ठोस कार्रवाई अमल में लाई जानी चाहिए थी। प्रधान बीना देवी ने एडीसी सिरमौर से तकनीकी सहायक द्वारा ड्यूटी में कोताही बरतने, कार्यकाल के दौरान पंचायत से अनुपस्थित रहने और नए तकनीकी सहायक को पूरा चार्ज न सौंपने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। उधर, अतिरिक्त उपायुक्त आदित्य नेगी ने इस मामले में कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।