भरी बरसता में भरे जा रहे सड़क के गड्ढे
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटी नगर परिषद
वीआईपी मार्ग के गड्ढे भरने को चुना बारिश का दिन
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच नगर परिषद की तैयारियां भी जोर पकड़ गई हैं। शहर की सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है लेकिन भरी बरसात में रेत और सीमेंट से गड्ढों को भरना लोगों को रास नहीं आ रहा। समारोह में वीआईपी पहुंचने वाले हैं। लिहाजा, सड़क को दुरुस्त किया जा रहा है। अब सवाल यह उठ रहा है कि नगर परिषद ने सड़क के गड्ढे भरने के लिए बारिश का ही दिन क्यों चुना? सोमवार को एसएफडीए से शहीद स्मारक वाली सड़क पर भी पेच वर्क किया गया। आसमान से बारिश की बौछारें गिर रही थीं तो जमीन पर नगर परिषद के कर्मचारी रेत-सीमेंट का मिश्रण गड्ढों में भर रहे थे। जाहिर है कि बारिश होने पर ये गड्ढे फिर उभरकर सामने आ जाएंगे। इस साल स्वतंत्रता दिवस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल पहुंच रहे हैं। इसी मार्ग से होकर वह हर रोज अपने घर जाते हैं। सवाल यह उठ रहा है कि आज तक तो इन गड्ढों को भरने की नगर परिषद को याद नहीं आई। अब स्वतंत्रता दिवस के आते ही इन गड्ढों को भरा जा रहा है। गौरतलब है कि इसी मार्ग से होकर जिला प्रशासन के कई अधिकारी भी रोज गुजरते हैं। उधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अजमेर सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के चलते शहर की सड़कों और गलियों की मरम्मत की जा रही है। बरसात के बाद नए सिरे से सड़क का कार्य किया जाना है।
बारिश ने बदहाल की सड़कें
शहर में बारिश ने सड़कों और गलियों को बदहाल कर दिया है। जगह-जगह सड़क पर गड्ढे पड़ गए हैं। जबकि, रास्तों की स्थिति भी दयनीय हो गई है। पानी की निकासी के लिए बनाई गई नालियां ब्लॉक होने के कारण पानी नालियों में इकट्ठा हो गया है।