नाहन की नालियों में रुके पानी की सफाई करते नप के कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
नाहन (सिरमौर)। डेंगू से निपटने के लिए नगर परिषद हरकत में आ गई है। सड़क किनारे बनी नालियों की सफाई के लिए नगर परिषद ने दो दर्जन के करीब कर्मी तैनात कर दिए हैं। शहर में जहां भी बरसाती पानी खड़ा है, वहां पर कर्मी पानी की निकासी करने में जुट गए हैं। वहीं, नालियों में सफाई व्यवस्था को भी अंजाम दिया जाने लगा है। अमर उजाला में 20 जुलाई के अंक में अंदर डेंगू से निपटने का दावा, बाहर नालियों में जमा के पानी शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद नगर परिषद डेंगू से निपटने की तैयारी में जुट गई है। नप को मिल रही शिकायतों पर भी कर्मचारियों को तुरंत नालियों की सफाई के लिए भेजा जा रहा है। शहर के कई स्थानों पर बरसाती पानी की निकासी नालियां ब्लॉक हो चुकी हैं। नालियों में गंदगी और मिट्टी भरने से बरसाती पानी की सही ढंग से निकासी नहीं हो पा रही है। शहर के विभिन्न हिस्सों में ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। लिहाजा, डेंगू पनपने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। भले ही जिला प्रशासन ने डेंगू से निपटने के पुख्ता प्रबंध की तैयारी कर ली हो लेकिन, धरातल में स्थिति इसके बिलकुल उलट है। नालियों में पानी जमा है। पानी के ऊपर झाड़ियां और छोटे पौधे उगे हैं। जब तक इससे नहीं निपटा जाता, तब तक डेंगू की रोकथाम नहीं की जा सकती है। डेंगू से निपटने के लिए धरातल पर कार्य किए जाने की आवश्यकता है। बहरहाल, नगर परिषद ने धरातल पर स्थिति से निपटने के प्रयास तेज कर दिए हैं। मंगलवार को नया बाजार में खड़े पानी की निकासी के लिए कर्मियों ने बंद नालियों को खोलने का कार्य शुरू किया। उधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अजमेर सिंह ठाकुर ने बताया कि दो दर्जन के करीब कर्मचारियों और मजदूरों को सफाई के लिए तैनात किया गया है। सड़क किनारे बनी नालियों में जमा पानी की निकासी के लिए मजदूर कार्य में जुटे हैं। साथ ही सफाई का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।