अमर उजाला ब्यूरो
संगड़ाह (सिरमौर)। विकास खंड संगड़ाह की भवाई पंचायत में एक पंचायत सदस्य पर पक्के डंगे को गिराने के आरोप लगे हैं। मामले में क्षेत्र के ग्रामीणों ने एसडीएम व विकास खंड अधिकारी को शिकायत सौंप सख्त कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र के रणदीप सिंह, मदन सिंह, रमेश कुमार, कुंदन सिंह, राजेश कुमार व रणजीत आदि ने अधिकारी को सौंपी शिकायत में कहा कि भवाई गांव की दलित बस्ती के वार्ड न. 6 में पंचायत ने सन 2003 में गुग्गा मंदिर के समीप एक पक्का डंगा लगाया था जिसे पंचायत सदस्य अजीत सिंह ने 4 मार्च को गिरा दिया तथा इसके स्थान पर नया डंगा लगाने का कार्य भी आरंभ कर दिया।
उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत पंचायत प्रधान से भी की थी। प्रधान ने भी उसे डंगे को उखाड़ने से मना किया था। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायत सदस्य अधिक कमाई के चक्कर में पहले लगे डंगे को गिरा कर उसी स्थान पर नया डंगा लगा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की कि इस संदर्भ में सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उधर इस संदर्भ में पंचायत प्रधान संतोष राणा ने कहा कि उन्होंने पंचायत सदस्य को डंगा गिराने से रोका था लेकिन उसने डंगा गिराकर अपनी मर्जी से निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। एसडीएम एवं तहसीलदार संगड़ाह राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि मामले में पुलिस को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए गए हैं।