अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने गिरिनगर विश्राम गृह में लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित 250 शिकायतों एवं समस्याओं को सुना। इनमें से दो सौ आवेदनों का उन्होंने मौके पर ही निपटारा किया। जबकि शेष समस्याओं को समाधान के लिए विभागों को प्रेषित किया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि पड़दूनी, धौलाकुआं व रामपुर भारापुर में सिंचाई एवं पेयजल योजना के क्रियान्वयन पर 14 करोड़ की राशि खर्च की जा रही है। जबकि पड़दूनी और साथ लगते क्षेत्रों में सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 8 करोड़ 75 लाख की डीपीआर तैयार कर सरकार को भेजी गई है।
पड़दनी पंचायत की सिंचाई योजना के नवीनीकरण पर विधायक प्राथमिकता के तहत 1 करोड़ 85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जबकि सुंकर खड्ड, कोंथरों खड्ड व मंडी खड्ड पर पुल के लिए 8 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इससे पूर्व पड़दूनी, धौलाकुआं व रामपुर भारापुर के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पंचायत पदाधिकारियों ने शॉल टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
इस मौके पर एसडीएम एलआर वर्मा, पूर्व विधायक फतेह सिंह मेहराल, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान, सीएमओ डॉ. संजय शर्मा, प्रधान ग्राम पंचायत पड़दूनी अच्छर भारती और पूर्व उप प्रधान गीताराम, माजरा पंचायत के प्रधान विजेश गोयल, पंचायत रामपुर भारापुर के पूर्व प्रधान रतन लाल चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
---बाक्स
विस अध्यक्ष ने पुल निर्माण कार्यों को जांचा
नाहन निर्वाचन के धौलाकुआं क्षेत्र में लगभग साढ़े 9 करोड़ की लागत से निर्मित किए जा रहे तीन पुलों के निर्माण कार्यों का विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को पुल निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखने की बात कही। इस मौके पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अजय शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।