अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश आरटीआई एक्टिविस्ट संघ की बैठक लोनिवि विश्राम गृह पांवटा साहिब में हुई। बैठक में आरटीआई एक्टिविस्टों ने सरकार से भू-माफियाओं पर अंकुश लगाने की मांग की गई जिससे प्रदेश के निर्धन लोगों की जमीनों को औने पौने दामों में बेचने से बचाया जा सके।
बैठक की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष आरएम रमौल ने की। रमौल ने कहा कि प्रदेश में भू-माफिया सक्रिय है। सरकार हिमाचल प्रदेश लैंड रिफोर्मस एक्ट-1972 की धारा-118 का सख्ती से पालन करे। इसमें कोई ढील न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि एक भू-माफिया ने 40 बीघा भूमि फर्जी बसीहत के आधार पर कृषक बनने को खरीदी। आरटीआई लगाने तथा सूचना आयुक्त के निर्देश के बाद भी जब उसकी प्रति नहीं मिली तो पब्लिक इंटरेस्ट लिटिगेशन (पीआईएल) के तहत उच्च न्यायालय में मामला दर्ज करवाना पड़ा जिसमें सरकार व भू-माफिया को प्रतिवादी बनाया गया है।
बैठक में उपस्थित आरएम रमौल, सीएम मधुर, बीपी भारद्वाज, वीपी सिंह चौधरी, राजकुमार गुप्ता, एनएन खतरी, बीबी अग्रवाल, एस ठाकुर व एनडी सरीन आदि कार्यकर्ताओं ने सरकार से भू-माफिया पर अंकुश लगाने तथा धारा-118 का सख्ती से पालन करने की मांग की। साथ ही भूमि की अवैध खरीद-फरोख्त में शामिल रहने वाले सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने की बात कही गई।