नाहन और कालाअंब में पुलिस-सेना का मार्च
चुनावी तैयारियों के चलते सुरक्षा बलों ने निकाला रूट मार्च
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन / कालाअंब (सिरमौर)।
प्रदेश में विधानसभा चुनाव का काउंट डाउन शुरू हो गया है। इसको लेकर पैरा मिल्ट्री फोर्स की कंपनियां भी सिरमौर में पहुंच गई हैं। शुक्रवार देर शाम औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में बीएसएफ व पुलिस के जवानों ने रूट मार्च किया। शनिवार को नाहन में भी जवानों का रूट मार्च चला।
कालाअंब क्षेत्र में हरियाणा राज्य की सीमा पर लगभग 100 सशस्त्र बीएसएफ जवानों ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूट मार्च निकाला। जिले में लगभग तीन दर्जन पोलिंग बूथ संवेदनशील हैं। लिहाजा, प्रदेश पुलिस के साथ-साथ सुरक्षा बलों की इन पोलिंग बूथों पर तैनाती की गई है। बताया जा रहा है कि इस रूट मार्च का उद्देश्य मतदाताओं को संदेश देना है कि वो निर्भीक व आत्मविश्वासी बनकर ज्यादा से ज्यादा मतदान करने जाएं। वो मतदान से घबराएं नहीं। उनकी सुरक्षा का दायित्व सैनिकों का है और वो पूर्णतया सुरक्षित हैं।
साथ ही असामाजिक तत्वों को चेतावनी भी रूट मार्च देता है कि यदि कोई गड़बड़ी का दुस्साहस किया तो उनकी खैर नहीं। उधर, नाहन में भी सुरक्षा बलों ने रूट मार्च निकालकर मतदाताओं को निर्भीक बनकर मतदान करने का संदेश दिया। दर्जनों जवानों ने रूट मार्च निकालकर लोगों में देशभक्ति का भी जज्बा पैदा किया। एसपी कार्यालय से शुरू हुआ यह रूट मार्च पूरे शहर में निकाला गया। विभिन्न सड़कों से होकर हथियार लेकर बीएसएफ और पुलिस के जवान निकले। रूट मार्च के माध्यम से पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि वह किसी की धमकी या खौफ में आकर मतदान न करें।
-------