कालाअंब (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कौलावाला भूड़ में मंगलवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें विस अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। स्कूल प्रधानाचार्या संतोष कुमारी ने स्कूल का वार्षिक प्रतिवेदन पेश किया। इसके बाद स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। अंत में मुख्य अतिथि डॉ. राजीव बिंदल ने अखंड शिक्षा ज्योति-मेरे स्कूल से निकले मोती नामक कार्यक्रम के स्कूल में पूर्व में शिक्षा ग्रहण किए चार विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इनमें महेंद्र सिंह, शिवराज सिंह, हृदय राम पुंडीर और भगत राम पुंडीर शामिल रहे। इस दौरान स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा उपनिदेशक उमेश बहुगुणा, अधिशासी अभियंता विद्युत राकेश कपूर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण अनिल शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, पंचायत प्रधान सुनीता देवी, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान महबूब खान सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।