धौलाकुआं में बरसाती नाले में एक घंटे फंसा रहा छात्र
जलस्तर कम होने के बाद ग्रामीणों ने नाले से सुरक्षित बाहर निकाला
सुंकर सुदोवाला नाले को जान जोखिम में डालकर पार कर विद्यालय पहुंचते हैं छात्र
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पॉलीटेक्नीक कॉलेज धौलाकुआं का एक छात्र करीब एक घंटे तक बरसाती नाले के बीच फंसा रहा। बुधवार को बरसाती नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। गनीमत यह रही कि छात्र ने उफनते नाले के बीच एक पत्थर पर जाकर अपनी जान बचा ली।
इसकी भनक जब लोगों को लगी तो ग्रामीणों ने एकत्रित होकर जलस्तर कम होने के बाद पॉलीटेक्नीक कॉलेज के छात्र शिवम को सुरक्षित बाहर निकाला। मंगलवार रात हुई मुसलाधार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर भारापुर के आधा दर्जन छात्र बरसाती नाले को पार कर स्कूल जा रहे थे। पॉलीटेक्नीक कॉलेज का छात्र दूसरे छात्रों से आगे चल रहा था। सुंकर सुदोवाला बरसाती नाले में अचानक बाढ़ आने से पॉलीटेक्नीक कॉलेज का छात्र नाले के तेज बहाव के बीच फंस गया। हालांकि, इस दौरान अन्य स्कूली छात्र पीछे ही थे। उन्होंने नाले को पार नहीं किया। उफनते नाले के बीच फंसे शिवम को देखकर छात्रों ने ग्रामीणों को मौके पर बुलाया। ग्रामीणों को करीब एक घंटे तक जलस्तर कम होने का इंतजार करना पड़ा। जलस्तर कम होने पर ग्रामीणों ने छात्र को सुरक्षित बाहर निकाला। नाले में आई बाढ़ के चलते रामपुर भारापुर जाने वाले आधा दर्जन बच्चे स्कूल नहीं जा पाए। सुंकर सुदोवाला नाले को जान जोखिम में डालकर पार कर छात्र विद्यालय पहुंचते हैं। वहीं पॉलीटेक्नीक कॉलेज के छात्र भी इस समस्या को झेल रहे हैं।
उधर, माजरा थाना प्रभारी एसएचओ मेहर सिंह ने कहा कि पुलिस थाने में ग्रामीणों ने छात्र के बरसाती नाले में फंसने की कोई सूचना नहीं दी। वहीं, धौलाकुआं पंचायत प्रधान मलकीत सिंह ने बताया कि सुंकर सुदोवाला नाले में हर साल बाढ़ जैसी स्थिति बनती है। पंचायत की ओर से कई बार प्रस्ताव पास कर प्रशासन व सरकार को भेजे गए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि इस नाले पर पुलिया का निर्माण किया जाए। ताकि, बच्चों को बरसात के दिनों में खतरे का सामना न करना पड़े।