अमर उजाला ब्यूरो
शिलाई (सिरमौर)। लाधी जोन युवा कांग्रेस की एक बैठक रोनहाट में आयोजित हुई जिसकी अध्यक्षता जोन अध्यक्ष अरुण राणा ने की। इस दौरान हिमाचल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों पर गहरा रोष प्रकट किया गया। प्रदेशाध्यक्ष मनीष ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार को चार साल पूरे हो चुके हैं। जनता बुरी तरह से त्रस्त हो गई है। मोदी सरकार केवल बातों से ही जनता का पेट भर रही है। महंगाई, भ्रष्टाचार, काला धन, देश की सुरक्षा जैसे मुद्दे जिनके दम पर सत्ता प्राप्त की, आज उसके एजेंडे से निकल चुके हैं। जनता को दूसरे मुद्दों पर भटकाने का प्रयास जारी है।
उन्होंने कहा कि आज महंगाई चरम पर है। पेट्रोल पंप लूट खसूट का अड्डा बन चुके हैं। युवाओं को रोजगार के नाम पर पकोड़ा और पान बेचने की सलाह दी जा रही है। अपने वायदों को पूरा करने की बजाए मोदी सरकार लोगों को हिंदू-मुसलमान के बीच उलझाकर रख रही है ताकि असल मुद्दों पर ध्यान ही न जाए। बैठक के बाद युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। युवाओं ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
इस अवसर पर प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रवक्ता विजय चौहान, सिरमौर युवा कांग्रेस प्रभारी यशवंत जिलटा, लोकसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष शिमला संजय सिंह, उपाध्यक्ष प्रदीप सूर्या, महासचिव दिनेश सिंह, सचिव शशि कपूर, राहुल चौहान अजय चौहान, पंकज सिंगटा, चैन सिंगटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य जितेंद्र राणा पूर्व ब्लॉक समिति चेयरमैन टीआर निंटा, नगीन शर्मा, अश्वनी, पदम नेगी, एनएसयूआई के विक्रम, नितिन ठाकुर आदि मौजूद रहे।