बच्चों को पेपर करवाएं या मेला आयोजित करें
बिशु मेले के आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति
21 अप्रैल को रावमापा कफोटा में होना है आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
सतौन (सिरमौर)।
गिरिपार क्षेत्र में आस्था के प्रतीक बिशु मेले के आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। शिलाई में यह मेला दो सप्ताह तक अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होना है। 21 अप्रैल को रावमापा कफोटा में इसका आयोजन होना है जिसमें कई पंचायतों के लोग शिरकत करेंगे। दशकों से इस मेले का आयोजन इसी स्कूल में होता आया है लेकिन इस बार 21 अप्रैल को इसके आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। दरअसल, 21 अप्रैल को इस मेले के आयोजन स्थल रावमापा कफोटा में कॉलेज में अध्ययनरत बीए द्वितीय व चौथे सेमेस्टर के पेपर हैं।
यही नहीं नवोदय में छठी कक्षा में प्रवेश लेने के लिए भी यहां परीक्षा रखी गई है जिसमें कफोटा खंड के 212 बच्चे परीक्षा देंगे। ऐसे में यहां परीक्षा या मेला दोनों में से एक का आयोजन हो सकता है। ऐसे में यहां न तो बच्चों की परीक्षा को नजरअंदाज कर सकते हैं और न ही लोगों की आस्था के प्रतीक बिशु मेले को। ऐसी स्थिति में तो कदापि नहीं जबकि यहां देवताओं ने भी अपनी हाजिरी भरनी है।
सामने आई इस समस्या के समाधान के लिए कफोटा कॉलेज के प्राचार्य टीआर पराशर ने उपायुक्त सिरमौर से मुलाकात की। उन्होंने उपायुक्त ललित जैन से इस समस्या के समाधान की मांग की ताकि लोगों की आस्था व बच्चों के भविष्य दोनों में से किसी के साथ भी खिलवाड़ न हो। इस पर उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा को इस संदर्भ में आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा ने बताया कि इस संदर्भ में तहसीलदार कमरऊ एमएम जिस्टू को मौका स्थल का निरीक्षण करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
उधर, तहसीलदार कमरऊ एमएम जिस्टू ने कहा कि वह वीरवार को मौके पर जाएंगे। इस दौरान वह ग्रामीणों के साथ इस समस्या के समाधान का हल निकालेंगे ताकि लोगों की आस्था व बच्चों का भविष्य दोनों ही सुरक्षित रह सके।
----राजपाल-- तन्हा