अमर उजाला ब्यूरो
नौहराधार/ संगड़ाह (सिरमौर)।
जनपद सिरमौर में सोमवार सुबह करीब दो घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश की वजह से ऊंचे इलाकों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। जबकि खड़कोली के पास भू-स्खलन होने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया है। बारिश से जिला में तीन सड़कें अवरुद्ध हुई। इसकी वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि कुछ घंटों के बाद यह सड़क मार्ग बहाल कर दिए गए।
सोमवार सुबह बारिश से संगड़ाह-नौहराधार मार्ग बंद हो गया। भुजोंड के पास ल्हासा गिरने से तीन घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद रही। इसके अलावा नौहराधार-देवना थनगा मार्ग भी बंद हो गया है। संगड़ाह-ददाहू मार्ग पर खड़कोली के समीप भू-स्खलन होने की वजह से सड़क मार्ग बंद रहा। इससे लोगों को अपने गंतव्यों तक पैदल ही पहुंचना पड़ा।
ग्राम पंचायत माइना के कांडों में बराह अवतार के गुमंद पर बिजली गिर गई है। इस वजह से मंदिर के गुमंद में दरारें आ गई हैं। जबकि शीशे भी टूट गए हैं। पुजारी लायक राम के घर की बिजली की वायरिंग भी इस वजह से जल गई। रविवार रात से तूफान के चलते इलाके में करीब दस घंटे तक बिजली बंद रही। इससे सरकारी कार्यालयों का कामकाज भी ठप हो गया है।
उधर, लंबे अरसे से सूखे की मार झेल रहे इलाकों में बारिश होने से शेष बची फसलों को संजीवनी मिलने की आस है। सूखे की वजह से लहसुन की 60 फीसदी से अधिक फसल पहले ही तबाह हो गई है लेकिन इस बारिश से शेष बची फसल बढ़िया होने की उम्मीद है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता केएल चौधरी ने कहा कि बारिश से बंद हुए मार्ग बहाल कर दिए गए हैं।