राजगढ़ (सिरमौर)। लगभग दस वर्षों से बंद पड़ी कोटली-डरैणा संपर्क सड़क बहाल हो गई है। ग्रामीणों के आपसी विवाद के चलते यह सड़क करीब दस साल से बंद थी। उच्च न्यायालय के आदेश पर खंड विकास अधिकारी और पुलिस की मौजूदगी में शुक्रवार को यह सड़क खोली गई। सड़क खुलने के बाद अब ग्रामीणों को सहायता होगी।
गौरतलब है कि दो गांव के आपसी मनमुटाव के कारण लोगों ने इस मार्ग को बंद कर दिया था। सड़क का निर्माण विकास खंड के माध्यम से किया गया था। इसके चलते मामला अदालत तक पहुंचा और उच्च न्यायालय के निर्देश पर शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी केडी कश्यप व थाना प्रभारी बलवंत कंवर की उपस्थिति में खोल दिया गया। दोपहर बाद पुलिस ने दर्जनों ग्रामीणों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन लगाकर वहां लगाई गई दीवार हटाकर खेत में से सड़क निकाली। इससे पूर्व दोनों पक्षों में समझौता करने के प्रयास भी किए गए।