अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मैनथापल इलाके में स्थित एक फाइबर की मूर्तियां बनाने वाले उद्योग में दोपहर करीब 12:40 बजे अचानक आग लग गई। आग से एक लाख रुपये के करीब नुकसान का अनुमान है। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मूर्तियां बनाने वाले उद्योग में मंगलवार दोपहर बाद अचानक भड़क गई। फाइबर में आग की लपटें और धुआं उठते देख उद्योग के कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना फायर स्टेशन कालाअंब को दी। दमकल विभाग ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। इस उद्योग के साथ ही एक गत्ता उद्योग भी है। गनीमत रही कि कोई बड़ी घटना नहीं घटी। मूर्तियां बनाने में प्रयोग होने वाले फाइबर के जलने से उद्योग को लगभग एक लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। कंपनी प्रबंधन की ओर से आग लगने की सूचना कालाअंब पुलिस को भी दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। उधर, फायर ऑफिसर एसएल गौतम ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर टेंडर मौके पर पहुंच गया था और आग पर तुरंत ही काबू पा लिया गया था। उद्योग के संचालक अनुशील गुप्ता ने लगभग एक लाख रुपये का नुकसान आंका है।