जोगनवाली मंदिर में चोरी का आरोपी गिरफ्तार
सामान खरीदने वाला व्यक्ति भी चढ़ा हत्थे
पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई चोरी की वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। नाहन के समीपवर्ती जोगनवाली स्थित मंदिर में हुई चोरी के मामले को पुलिस ने 24 घंटे में ही सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों से पुलिस कड़ी पूछताछ कर रही है। एक आरोपी ने मंदिर से चोरी की थी, जबकि दूसरे ने चोरी का सामान खरीदा। आरोपियों के इलाके में हुई और चोरियों में भी शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए भी जांच-पड़ताल कर रही है।
गौरतलब है कि वीरवार रात जोगनवाली स्थित मंदिर में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर मंदिर से दानपात्र, घंटियां और पूजा का अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी की। सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया तो चोर की शिनाख्त हो गई। एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में नरेंद्र कुमार पुत्र नरेश कुमार निवासी जोगनवाली को गिरफ्तार किया है। नरेंद्र कुमार ने मंदिर से चोरी कर सामान को नारायणगढ़ में अशोक कुमार पुत्र अमर सिंह को बेचा था। पुलिस ने नरेंद्र के खिलाफ भादंसं की धारा 457 और 380 जबकि अशोक कुमार के खिलाफ भादंसं की धारा 411 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।