अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। पंचायतीराज विभाग में तैनात अनुबंधित सिलाई-कढ़ाई अध्यापिकाओं का एक प्रतिनिधिमंडल मांगों को लेकर उपायुक्त सिरमौर से मिला। इस मौके पर अध्यापिकाओं ने उपायुक्त की मार्फत प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी भेजा। ज्ञापन में अध्यापिकाओं ने नियमितीकरण की मांग उठाई है। इसके साथ ही विभाग में रिक्त पड़े पंचायत सचिवों के पदों पर उन्हें बिना किसी साक्षात्कार से पदोन्नत किए जाने की भी सिफारिश की है। सोमवार को सिलाई अध्यापिका सुनीता देवी, रामा शर्मा, बीरमंती देवी आदि ने ज्ञापन में मांग उठाई कि वे पिछले 21 साल से विभाग में अपनी सेवाएं देतीं आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि सुबह 10 से शाम पांच बजे तक वे सिलाई के साथ-साथ पंचायत सहायकों का कार्य भी कर रही हैं। ऐसे में पंचायत सचिव के पद पर उन्हें नियुक्ति दिए जाने के लिए सरकार नीति बनाए। अध्यापिकाओं ने मुख्यमंत्री और पंचायतीराज मंत्री से मांग उठाई कि सभी अध्यापिकाओं के लिए सरकार योग्यतानुसार नीति तैयार करे। साथ ही जल्द अध्यापिकाओं को नियमित किया जाए।