अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)। कलगीधर ट्रस्ट के बडूसाहिब में दो दिवसीय बैसाखी पर्व शुक्रवार को हर्षोल्लास से शुरू हुआ। इस मौके पर सिख संगत ने गुरुद्वारे से लाना मछेर तक प्रभात फेरी भी निकाली जिसमें हजारों की तादाद में सिख संगत मौजूद रही। श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब को पालकी में सुशोभित किया हुआ था। बैंड व गतका के साथ युवाओं ने शानदार प्रदर्शन भी किया जिसे देखकर लोगों ने दांतों तले उंगली दबा ली। प्रभात फेरी के दौरान सिख संगत के लिए जगह-जगह फल व पानी की छबील भी लगाई गई थी। दोपहर बाद जब प्रभात फेरी वापस गुरुद्वारा पहुंची तो यहां श्रद्धालुओं के लिए अटूट लंगर की व्यवस्था की गई थी। शनिवार को यहां कुश्तियों का अखाड़ा सजेगा जिसमें चीमा साहिब व देश के नामी पहलवान भाग लेंगे।
इस मौके पर उपकुलपति डॉ. एचएस धालीवाल, डॉ. वीएस बोपाराय, डॉ. जसवंत सिंह, ट्रेनिंग पलेसमेंट अधिकारी कुलदीप सिंह, प्रमुख सेवादार जगजीत सिंह व बख्शीश सिंह सहित करीब पांच हजार श्रद्धालुगण मौजूद रहे।
---------