अमर उजाला ब्यूरो
राजपुर (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नघेता ने एक बार फिर से राज्य स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में अपना परचम लहराया है। जिला मंडी के रावमावि बजौरा में 24-25 अक्तूबर को आयोजित छात्रों की राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में नघेता स्कूल के लोकनृत्य दल ने पहला स्थान प्राप्त किया है।
लोकनृत्य दल में शामिल रविंद्र, अक्षय, हितेश, हिमांशु, आशीष, अमित, कार्तिक, संजय, विवेक, विशाल, प्रवीण, दयालु, आशु, निकलेश, निखिल, प्रवेश, सचिन आदि छात्रों ने अपने नृत्य व गायन से सभी श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
नघेता विद्यालय के डीपीई मनीष टंडन से मिली जानकारी के अनुसार राज्य स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के दस जिलों के लोक नृत्य दलों ने भाग लिया लेकिन नघेता विद्यालय के लोक नृत्य दल ने शानदार वेशभूषा में सुंदर नाटी, हारुल, झूरी व रासे का प्रदर्शन कर इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
जिला शिमला व कुल्लू संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दीप चंद शर्मा ने कहा कि विद्यालय के छात्रों ने एक बार फिर से अपनी पाठशाला व इलाके का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। बच्चों की कड़ी मेहनत व उनके अभिभावकों के सहयोग से ही यह संभव हुआ है। ज्ञात रहे कि गत वर्ष भी नघेता विद्यालय के लोक नृत्यदल ने राष्ट्रीय लोक नृत्य प्रतियोगिता जो कि मध्य प्रदेश में हुई थी उसमें प्रथम स्थान प्राप्त किया था जबकि राज्य स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में नघेता विद्यालय के छात्र व छात्राओं का लोक नृत्य दल नौ बार विजय प्राप्त कर चुका है।
इस अवसर पर दल के साथ गये कमल सिंह, कमलेश शर्मा, किशन स्वरूप के अतिरिक्त गीता राम शर्मा, राजेश शर्मा, सुबोध कुमार, राम चंद्र शर्मा, धर्म सिंह, रामगोपाल शर्मा, ईशान, आशा, अल्का, हेमा सैनी, अनीता भट्ट, बलवंत कौर, सुरेखा आदि स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।