अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)। डीएवी संस्था की अध्यक्षा डॉ. पूनम सूरी मंगलवार को सराहां पहुंची जहां उनका डीएवी स्कूल सराहां में जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। पदमश्री व आर्य रतन से सम्मानित डॉ. पूनम सूरी ने कहा कि उनका लक्ष्य गांव-गांव तक शिक्षा को पहुंचाना है।
इस मौके पर उन्होंने विद्यालय को 30 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। साथ ही स्कूल की बेहतरी के लिए प्रधानाचार्य को कई सुझाव भी दिए। इस अवसर पर स्कूली छात्रों ने कई रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किए जिसकी शुरूआत छात्र-छात्राओं ने वैदिक मंत्र व स्वागत गीत से की। तदोपरांत मानसी, रीतिका, अंजलि, निशा, वेदिका, रेणु एवं सखियों ने ‘ऊंचियां धारा रा नजारा देखना गांव री गोरी आया शावना’, ‘जय देवा शिरगुला रे’ तथा ‘रेणुका माता महामाई’ गीतों पर नाटी पेश की जिसे खूब पसंद किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशक शशि किरण, प्रबंधक विजय कुमार, स्कूल की प्रधानाचार्य शालिनी कांत ठाकुर, नाहन डीएवी स्कूल के प्रधानाचार्य नरेश कटोच, राजगढ़ स्कूल की प्रधानाचार्य रीना मल्होत्रा, निधि गर्ग समेत सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
---गांव-गांव शिक्षा पहुंचाना डीएवी का लक्ष्य : सूरी
राष्ट्रीय अध्यक्षा ने डीएवी स्कूल सराहां को दिए 30 लाख