संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। इस महीने के अंत में 31 अक्तूबर से शुरू होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले में परिवहन निगम की 10 अतिरिक्त बसें चलेंगी। जिला प्रशासन ने परिवहन निगम के माध्यम से जिले के भीतरी भागों से यात्रियों को मेलास्थल तक लाने और ले जाने की विशेष व्यवस्था की है।
इस वर्ष नाहन डिपो की तीन बसों के अलावा शिमला परिमंडल से सात अतिरिक्त बसों को मंगवाया गया है। निगम ने मेले के दौरान सभी रूटों पर नियमित और आवश्यकता पड़ने पर विशेष बसें चलाने का भी दावा किया है।
उधर, आरटीओ ने भी करीब आधा दर्जन निजी बसों को अस्थायी परमिट जारी करके सेवाएं बरकरार रखने को कहा है, लेकिन इस मर्तबा पड़ोसी राज्य हरियाणा के यमुनानगर, अंबाला, नरायणगढ़, रायपुररानी, बिलासपुर, पंचकूला व बरवाला आदि स्थानों के यात्रियों के लिए बसों की कोई व्यवस्था नहीं होगी। केवल जिले के भीतरी भागों से ही बसों को मेला स्थल तक चलाया जाएगा।
रेणुका पुलिस ने मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नाहन की ओर से आने वाली बसों को ददाहू स्थित जलाल पुल के पास पार्क करने की व्यवस्था की है। जबकि संगड़ाह की ओर से आने वाली बसें संगड़ाह मार्ग पर पार्क की जाएंगी। इसके अलावा चांदनी और खालाक्यार क्षेत्र से आने वाली बसों को रेणुका से पहले मुख्य सड़क पर खड़ा किया जा सकेगा।
निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक नाहन राम दयाल ने बताया कि शिमला परिमंडल से सात अतिरिक्त बसों की मांग की गई है जिनको मेले के दौरान लोगों की सुविधा के लिए लगाया जाएगा। इसके अलावा अन्य रूटों का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। क्षेत्र से जुड़े अधिकतर ग्रामीण इलाकों को बस सुविधा से जोड़ने का प्रयास रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर नाहन डिपो से ही बसों की संख्या को बढ़ाया भी जा सकता है।
संवाद