-25 लाख प्रोत्साहन राशि का रास्ता साफ
संवाद न्यूज एजेंसी
रोनहाट (सिरमौर)। विकास खंड शिलाई में 37 पंचायतों में से 10 पंचायतों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए निर्विरोध चुनाव संपन्न करवाए हैं। इन पंचायतों को अब सरकार की ओर से 25-25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलने का रास्ता साफ हो गया है। जिला सिरमौर में कुल 28 पंचायतें निर्विरोध चुनी गईं हैं, जिनमें अकेले शिलाई विकासखंड की 10 पंचायतें शामिल हैं।
शिलाई विकासखंड में निर्विरोध चुनी गई पंचायतों में बकरास, बिंडला-दिग्वा, बॉम्बल, द्राबिल, धारवा, शंखोली, श्री क्यारी, जरवा-जुनेली, कांडों भटनोल और नावणा-भटवाड़ पंचायतें शामिल हैं। इन पंचायतों में सभी पदों पर आपसी सहमति से प्रतिनिधियों का चयन किया गया। शिलाई उपमंडल में जिला परिषद सदस्य के दो वार्डों में चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। दूसरी ओर 15 पंचायत समिति वार्डों में से चार वार्डों में सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं, जबकि शेष 11 वार्डों में 30 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही निर्विरोध पंचायतों की संख्या को लोकतंत्र और सामाजिक एकता की सकारात्मक पहल माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इसे विकास, आपसी सहयोग और भाईचारे की जीत बताया है। संवाद