फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिमला विंटर कार्निवल 2025: चौथी संध्या में बॉलीवुड, पंजाबी और पहाड़ी गीतों से कलाकारों ने बांधा समां, जानें

Sun, 28 Dec 2025 10:50 AM IST
अंकेश डोगरा संवाद न्यूज एजेंसी, शिमला।

सार

राजधानी शिमला में चौथी सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड, पंजाबी और पहाड़ी गीतों पर युवाओं ने जमकर थिरकते हुए माहौल को यादगार बना दिया। विंटर कार्निवल की पांचवीं संध्या रविवार को मेगा शो के रूप में होगी। जानें विस्तार से...
विज्ञापन
मालरोड पर दिन के समय डीजे की धुनों पर नाचतीं युवतियां। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी शिमला में शनिवार को आयोजित विंटर कार्निवल की चौथी सांस्कृतिक संध्या संगीत और उत्साह से सराबोर रही। रिज मैदान में आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड, पंजाबी और पहाड़ी गीतों पर युवाओं ने जमकर थिरकते हुए माहौल को यादगार बना दिया। रात 9:20 बजे प्रसिद्ध गायक राजीव राजा मंच पर आए। उन्होंने दिल का दरिया बह ही गया, सानू इक पल चैन न आवे, बचना ए हसीनो लो मैं आ गया, यार नहीं मिलना, यारों ने मेरे वास्ते क्या कुछ नहीं किया, मुंबई से आया मेरा दोस्त... जैसे हिट गानों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान पूरा मैदान लोगों से भरा रहा और हर कोई इस यादगार शाम को अपने मोबाइल फोन में कैद करते नजर आए।

विज्ञापन


भीड़ से खचाखच भरे मैदान में हर उम्र के लोग संगीत के रंग में रंगे दिखाई दिए। इससे पहले रात 8:00 बजे कार्यक्रम में हिमाचल के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। मुख्य अतिथि के मंच पर पहुंचते ही पहाड़ी गायक हेमंत शर्मा ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। उन्होंने शली बागरो फिरो, मेरे प्यारुओ मेरे खानी जलेबी, यार नहीं मिलना घूमा पूरा इंडिया जैसे लोकप्रिय पहाड़ी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। 

इसके बाद मंच संभाला इंदरजीत सिंह ने। उन्होंने दो गल्लां करिये प्यार दियां, तू पहला पहला प्यार है मेरा, सानू इक पल चैन न आवे...के साथ पहाड़ी गीत ऊंची ऊंची घाटियां, म्हारे देशो रा दिल ओह दिल्लीये गाकर माहौल को और गरमा दिया। इस दौरान रिज पर मौजूद दर्शकों ने तालियों और नृत्य के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। इससे पहले विंटर कार्निवल की चौथी संध्या में लालपानी स्कूल के छात्रों ने नाटी डाली। वेस्टर्न डांस शिवांगी मुलटा और पंजाबी सिंगर करण गिल तथा ललित ने भी प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा किंग पाल सिंह ने सुकेती, जयप्रकाश, रमना भारती ने पहाड़ी नाटी पेश की। वहीं जितेंद्र चौहान ने पंजाबी और हिंदी गाने गाए। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री संयुक्त आयुक्त भुवन शर्मा और शहरी एसडीएम ओशिन शर्मा समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।

वहीं विंटर कार्निवल के मंच पर वॉयस ऑफ शिमला सीजन 3 गायन प्रतियोगिता के रेट्रो बॉलीवुड राउंड में टॉप 9 प्रतिभागियों का चयन किया गया। इस दौरान मंच पर टॉप 12 प्रतिभागियों ने अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। इसमें मनवीर सिंह, पूनम पंडित, प्रथम घई, श्याम ठाकुर, नवीन, शुबाश प्रिंस, अंजलि भाटिया, सौरव अत्री और राहुल सारंग शामिल हैं। 

यह प्रतियोगिता नगर निगम शिमला और महादेव स्टूडियो के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित की जा रही है। इसमें हेमंत ऑरकेस्ट्रा की टीम संगीत दे रही है। विंटर कार्निवल के चलते रिज मैदान पर आजकल हर रोज भारी भीड़ उमड़ रही है। आलम यह है कि तिल धरने की जगह नहीं बचती।

मंत्री, मेयर-डिप्टी मेयर ने भी किया डांस
विंटर कार्निवाल की चौथी संध्या पर संगीत का जादू ऐसा छाया कि बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान, डिप्टी मेयर उमा कौशल, पार्षद अतुल गौतम, अंकुश वर्मा, शीनम कटारिया, बिट्टू कुमार भी खुद को नाचने से नहीं रोक पाए। पहाड़ी नाटी की धुन बजते ही सभी जनप्रतिनिधि मंच के पास झूमते नजर आए। जनप्रतिनिधियों को नाचते देख दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया जिससे पूरा माहौल और भी जीवंत हो उठा। 
विज्ञापन

विंटर कार्निवल में आज होगा सुरों का महासंग्राम 
विंटर कार्निवल की पांचवीं संध्या रविवार को मेगा शो के रूप में होगी। रात आठ से दस बजे तक सारेगामापा के फाइनलिस्ट सुनील कुमार, इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा और सूफी सिंगर डॉ. नीता पांडे प्रस्तुति देंगी। शिमला घूमने आए पर्यटकों का कहना है कि वह सुनील कुमार और अनुज शर्मा की प्रस्तुतिया देखना चाहते हैं। दो घंटों तक चलने वाली इस स्टार नाइट को लेकर दोस्तों के साथ भी यहां आने का प्लान बना रहे हैं। रिज मैदान पर विंटर कार्निवल 1 जनवरी तक चलेगा। विंटर कार्निवल की अंतिम संध्या पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल मुख्य अतिथि होंगे। नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल, आयुक्त भूपेंद्र अत्री समेत आला अधिकारी उनसे मिलकर कार्निवल में शामिल होने का निमंत्रण देंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें