शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में स्कूल की छात्रा को जबरन कार में बैठाकर दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रामपुर निवासी स्कूल की छात्रा की मां ने बताया कि 16 दिसंबर को उनकी बेटी स्कूल बस का इंतजार कर रही थी। आरोप लगाया कि इस दौरान मोहिंद्र नाम के शख्स ने उनकी बेटी को जबरन अपनी कार में बैठाया। इसके बाद गाड़ी में उनकी बेटी के साथ दुर्व्यवहार किया गया। नाबालिग ने इसकी जानकारी परिजनों को दी जिसके बाद उन्होंने मामले की सूचना संबंधित पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई।
पुलिस ने मामले में फौरन कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 75 के तहत केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी को जांच का जिम्मा सौंपा है। वहीं इस तरह का मामला सामने आने के बाद स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। साथ ही अभिभावकों की भी इस मामले के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।