अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात अचानक घायल लोग एंबुलेंस और निजी वाहनों में अस्पताल पहुंचने लगे। ऐसे में अस्पताल में अफरातफरी का माहौल बन गया। चिकित्सक ने मेडिसन विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, सर्जरी विशेषज्ञ को फोन किया और आपातकालीन कक्ष में अचानक बनी स्थिति के बारे में बताया। इसके बाद आठ से नौ चिकित्सक आपातकालीन कक्ष में पहुंचे और तुरंत मोर्चा संभाला। स्थिति के काबू में आने के बाद घायलों से जानकारी ली गई।
इसके बाद पता चला कि सिरमौर जिला के शिलाबाग स्थित लेहूनाना में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इस दौरान महिलाओं ने रस्साकशी में भाग लिया। अचानक रस्सा टूटा और मैदान में जगह कम होने से महिलाएं ढांक की ओर गिर गईं। यहीं पर दो पुरुष भी खड़े थे, वह भी अचानक धक्के से ढांक की तरफ गिर गए।
शिलाबाग निवासी सुषमा ने कहा कि रस्साकशी प्रतियोगिता में भाग लिया था। अचानक रस्सा टूट गया और सभी लोग ढांक की ओर गिर गए। पांच महिलाओं को चिकित्सकों ने अपनी देखरेख में रखा, जबकि अन्य को रात को ही छुट्टी दे दी। दो के ऑपरेशन किए गए।
रस्साकशी प्रतियोगिता में घायलों को देर रात लाया गया। करीब नौ चिकित्सकों ने तुरंत उपचार प्रदान किया। -डॉ. राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल सोलन