रिकांगपिओ(किन्नौर)। नेहरू युवा केंद्र रिकंागपिओ के सौजन्य से युवा नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास कार्यक्रम के तहत तीन दिवसीय कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हुआ। इसमें 18 युवक मंडलों के 56 युवाओं ने भाग लिया ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद ने युवाओं से अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में प्रयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्र का भविष्य होते हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण एवं देश के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। युवाओं से समाज में व्याप्त नशीली वस्तुओं और द्रव्य के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कहा । प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम आरंभ किए गए हैं । इनका लाभ उठाने के लिए उन्हें आगे आना चाहिए, ताकि एक उज्ज्वल भविष्य का निर्माण किया जा सके ।
इस दौरान पुलिस उप अधीक्षक अमर सिंह ने सड़क सुरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी । पशुपालन अधिकारी पूजा ने इस दौरान पशुओं की बीमारी और उनके उपचार और उचित देखभाल संबंधी जानकारी दी । कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. भंडारी ने सर्दी के मोैसम के दौरान फलदार पौधों में बीमारियों एवं उनके बचाव से संबंधित जानकारी दी। जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा ने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में अवगत करवाया । ठाकुर सैन नेगी राजकीय महाविद्यालय रिकांगपिओ के प्रोफेसर शांता कुमार ने युवा नेतृत्व और सामुदायिक विकास में युवाओं की भागीदारी पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र की ओर से युवक मंडलों को खेल सामग्री भी वितरित की गई । इस दौरान उपमंडलाधिकारी कल्पा डॉ. अवनिंद्र कुमार सहित अन्य युवा मौजूद रहे।