कोटखाई। युवक मंडल भडे़च को स्वच्छ भारत अभियान में प्रदेश स्तर पर प्रथम घोषित किया गया है। स्वच्छ भारत आंदोलन में सहयोग जागरूकता के लिए नेहरू युवा केंद्र शिमला की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सचिव युवा सेवाएं उपमा चौधरी ने युवक मंडल को प्रथम पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। सचिव संदीप शर्मा व रौनी शर्मा ने बताया कि युवक मंडल की ओर से गांव व क्षेत्र में लोगों को सफाई, पर्यावरण संरक्षण के प्रति लगातार कार्यक्रम के माध्यम से जागरूक किया है। नेहरू युवा केंद्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के कई युवक मंडलों के सदस्य उपस्थित थे। मीडिया प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, सचिव संदीप शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता से राष्ट्र निर्माण पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में राज्य निदेशक सुखदेव सिंह, नेहरू युवा केंद्र के जिला समन्वयक प्रभात कुमार, प्रो. आहलुवालिया ने भी स्वच्छ भारत में लोगों के सहयोग पर अपने विचार रखे।