काजा में आयोजित स्पीति यूथ कांग्रेस की बैठक में भाग लेने वाले पदाधिकारी और कार्यकर्ता। स्रोत:
रामपुर बुशहर/काजा (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-स्पीति के मुख्यालय काजा में यूथ कांग्रेस के कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें दो नए सदस्यों ने सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश यूथ कांग्रेस की उपाध्यक्ष एवं जिला लाहौल-स्पीति प्रभारी अमला रुद्र कश्यप और जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष एवं जनजातीय सलाहकार केसंग रापचिक के नेतृत्व में दोनों युवाओं ने कांग्रेस का दामन थामा। अमला रुद्र कश्यप ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से जनजातीय अधिकारों की पक्षधर रही है। आज का युवा पूरी तरह जागरूक है और वह यह भली-भांति समझ चुका है कि कौन सी सरकार जनहित में काम कर रही है और कौन सी सरकार सिर्फ अपने चहेते उद्योगपतियों के लिए नीतियां बना रही है। भाजपा सरकार के शासनकाल में महिलाओं की सुरक्षा, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों पर लगातार हमले हुए हैं। गंभीर अपराधों में आरोपित लोगों को संरक्षण दिया जाना लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है। जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष केसंग रापचिक ने कहा कि भाजपा की केेंद्र सरकार युवाओं, किसानों, मजदूरों और जनजातीय समाज के हितों की लगातार अनदेखी कर रही है। आज देश का युवा बेरोजगारी, महंगाई और असमानता से जूझ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों और पूंजीपतियों के हितों की रक्षा में जुटी हुई है। जनजातीय क्षेत्रों में नौतोड़ बहाली जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी केंद्र सरकार अड़चनें डाल रही है, जिससे पारंपरिक जीवन यापन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। आने वाले समय में यूथ कांग्रेस केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनआंदोलन तेज करेगी और युवाओं, किसानों व जनजातीय समाज की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाया जाएगा।