रामपुर के गानवीं में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता बनी रूपी की टीम। स्रोत : क्लब
गानवी में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ समापन
विजेता को 1.50 लाख और उप विजेता को 70 हजार के नकद पुरस्कार से किया सम्मानित
. अक्षु को शानदार खेल के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का मिला सम्मान
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर के गानवी में आयोजित ड्रीम कप क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी इस बार टेरेस कुलदेव नारायण युवक मंडल रूपी ने जीती है। फाइनल मुकाबले में रूपी ने काओबिल की टीम को हराया। अक्षु को शानदार खेल के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार से सम्मानित किया। रामपुर के गानवी में आयोजित ग्रामीण स्तरीय ड्रीम कप क्रिकेट प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में टीकेवाईएम रूपी की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीकेवाईएम रूपी ने निर्धारित आठ ओवर में 93 रन बनाए। टीम की ओर से संजीव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 65 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी काओबिल की टीम ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाया। रूपी की टीम ने काओबिल की टीम को 17 रन के अंतर से हराया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में चटकारा को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज के खिताब से सम्मानित किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि रत्न डोगरा, राजेश और रविकांत ने विजेता और उप विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार से सम्मानित किया। विजेता टीम टीकेवाईएम रूपी को 1.50 लाख रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता काओबिल टीम को 70 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन कमेटी को बधाई दी।