चौपाल के तुईल गांव में हुई घटना, मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल(रोहड़ू)। ठोडा खेल में शामिल होने से रोकने पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट और उस पर धनुष तानने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना चौपाल के तुईल गांव में हुई। तुईल निवासी राकेश कुमार ने पुलिस को बताया। रात करीब पौने दस बजे प्रदीप नामक युवक नशे की हालत में उसके घर के बरामदे में आया। प्रदीप ठोडा खेल में शामिल होने की जिद कर रहा था। राकेश ने उसे समझाया कि ठोडा पांडव-कौरव से जुड़ा एक पारंपरिक खेल है और वह इसमें शामिल नहीं हो सकता। इसी बात पर प्रदीप ने राकेश के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोप है कि उसने राकेश पर धनुष भी तान दिया। इस घटना में राकेश को चोटें आईं। राकेश कुमार की शिकायत पर पुलिस थाना चौपाल में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी प्रदीप के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 329(3) और 115(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।