शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने एक व्यक्ति के घर से करीब पौने आठ किलो चरस बरामद कर व्यक्ति को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस की स्पेशल सेल के हेड कांस्टेबल नरेंद्र बुधवार दोपहर के समय टीम के साथ नेरवा बाजार में थे। इस दौरान उन्हें किसी गुप्त सूत्र से सूचना मिली कि कुपवी थाना के तहत धार चांदना में एक व्यक्ति अपने घर से चरस की खरीद-फरोख्त का धंधा चला रहा है। सूचना के आधार पर उन्होंने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कुपवी के गांव धार के निवासी मोहन लाल के घर की तलाशी ली। तलाशी लेने पर घर के एक कमरे में एक बैग से 7.687 किलोग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस टीम ने मोहन लाल को हिरासत में लेकर कुपवी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी चौपाल सुशांत शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। वहीं, आरोपी को चौपाल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।