कोटखाई (रोहड़ू)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटखाई में शनिवार को योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों, अध्यापकों तथा कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य जवाहर चौहान ने किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। आयुष विभाग महासू के योग प्रशिक्षक विनोद नेगी ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का प्रदर्शन किया। कहा कि नियमित योग से तनाव कम होता है और व्यक्ति स्वस्थ एवं ऊर्जावान बना रहता है। इस दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अनुप कुमार ने विद्यार्थियों को योग के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से नशे तथा अन्य बुरी आदतों से दूर रहकर योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।