रामपुर बुशहर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खुन्नी के विद्यार्थियों ने शनिवार को करें योग, रहें निरोग और योग अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं का संदेश दिया। स्कूल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया और विद्यार्थियों को योग का महत्व समझाया गया। मुख्य अतिथि एसएमसी प्रधान हुकम चंद रहे। उन्होंने योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ रहकर बढ़ती आयु में भी सक्रिय एवं आत्मनिर्भर जीवन व्यतीत कर सकता है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरे विश्व को स्वास्थ्य, शांति और संतुलित जीवन का मार्ग दिखाया है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने का माध्यम भी है। वर्तमान समय में जब लोग तनाव, असंतुलित जीवन शैली और विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं, तब योग एक प्रभावी समाधान के रूप में सामने आया है। प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार पुरी ने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।